अवैध हथियार के खिलाफ अभियान तेज देशी कट्टा मिलने के बाद आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

भभुआ/कैमूर। कैमूर जिले के सोनहन थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनहन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के सैथा गांव निवासी उपेंद्र बिंद, पिता सुरेश बिंद, अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही सोनहन थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की योजना बनाई।इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर पहुंचकर विधिसम्मत तरीके से तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके से ही उपेंद्र बिंद को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां आगे की न्यायिक कार्रवाई जारी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराध नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी अवैध हथियार रखने वाले एवं आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!