
चैनपुर/कैमूर। ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने की दिशा में प्रशासन की पहल लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत सिरबिट एवं करजांव पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में विशेष रूप से भूमि संबंधी मामलों के निष्पादन, सरकारी योजनाओं की जानकारी और पंचायत स्तर पर उपलब्ध सेवाओं पर जोर दिया गया।
सिरबिट पंचायत के मसोंइ गांव स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर तथा करजांव पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण कैमूर के भूमि उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) एवं चैनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविर में मौजूद कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की शिकायतों और आवेदनों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिक से अधिक प्रशासनिक सुविधाएं पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड या जिला कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कर्मियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया।
शिविर में खास तौर पर दाखिल-खारिज, परिमार्जन, सीमांकन, राजस्व विवाद सहित अन्य भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के भीतर निपटाया जाए।शिविर से जुड़े आंकड़ों के अनुसार सिरबिट पंचायत में कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 59 मामलों का निष्पादन मौके पर कर दिया गया, जबकि 20 मामलों को लंबित रखा गया है। वहीं करजांव पंचायत में कुल 54 आवेदन आए, जिनमें 41 मामलों का समाधान किया गया तथा 13 मामले लंबित रहे।
लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से जनता को काफी राहत मिलती है तथा प्रशासन के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर मिलता है।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के सहयोग शिविरों का नियमित आयोजन जारी रहेगा, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
