बारिश के बीच गिरी मौत बनकर बिजली मवेशी बांध रहे किसान की गई जान

मोहनिया/कैमूर। मोहनिया थाना क्षेत्र के केकड़ा गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब किसान बारिश के बीच अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर बांधने की कोशिश कर रहे थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक की पहचान केकड़ा गांव निवासी महेंद्र यादव (55 वर्ष) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी। इसी दौरान महेंद्र यादव अपने मवेशियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर बांध रहे थे।

तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वे उसकी चपेट में आ गए।घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक के पुत्र अजीत कुमार ने बताया कि बारिश के कारण पशुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी क्रम में अचानक बिजली गिरने की घटना हुई, जिससे उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत की सूचना प्राप्त हुई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।ग्रामीणों के अनुसार महेंद्र यादव गांव के मिलनसार, मेहनती और सामाजिक व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों ने प्रशासन से आपदा राहत एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!