
मोहनिया में चला प्रशासन का बुलडोजर अभियान, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाकर जाम से राहत की पहलसड़क पर कब्जा करने वालों पर सख्ती, ठेले-खोमचे हटे, जुर्माने के साथ चेतावनी जारीकैमूर जिले के मोहनिया शहर में बढ़ती यातायात समस्या और सड़क जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। बुधवार को एसडीपीओ गोपाल कृष्णा एवं एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी के संयुक्त नेतृत्व में मोहनिया के चांदनी चौक इलाके में सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क पर लगाए गए ठेले, अस्थायी दुकानें तथा अन्य अतिक्रमणकारी ढांचों को हटाया गया।प्रशासन की इस कार्रवाई से चांदनी चौक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं आम लोगों ने सड़क को खाली कराए जाने को राहत भरा कदम बताया।
अधिकारियों ने लगभग 100 मीटर के दायरे में सड़क एवं सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह अभियान उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना तथा आम नागरिकों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाना है।एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने कहा कि सड़क किनारे अवैध कब्जा और बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन अक्सर जाम की बड़ी वजह बनते हैं।
ऐसे में प्रशासन सिर्फ कार्रवाई ही नहीं बल्कि लोगों को जागरूक करने का भी प्रयास कर रहा है, ताकि वे स्वयं सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करें और यातायात नियमों का पालन करें।वहीं एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों से अब तक 14 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन ने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल को शहर में व्यवस्थित यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
