
खरगांवा पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा, पिकअप और हाइवा डंपर की जोरदार टक्करहादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
चैनपुर/कैमूर। कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरगांवा पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन और हाइवा डंपर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारत माला परियोजना के तहत क्षेत्र में मिट्टी ढुलाई का कार्य इन दिनों तेज गति से चल रहा है।
इसी कार्य में लगे हाइवा डंपरों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसी क्रम में खरगांवा पेट्रोल पंप के पास पिकअप वाहन और हाइवा डंपर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल राहत कार्य करते हुए घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत माला परियोजना में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग लंबे समय से हादसों का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि परियोजना में लगे भारी वाहनों की गति सीमा तय कर सख्ती से पालन कराया जाए, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई हो तथा दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
