कुदरा में बढ़ती चोरी की वारदातों से कारोबारियों में आक्रोश पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

कुदरा में चोरी की बढ़ती वारदातों से कारोबारियों में आक्रोश, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

ट्रांसफार्मर केबल चोरी मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप, उद्योग संचालकों ने निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

कुदरा/कैमूर। कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय व्यवसायियों और उद्योग संचालकों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला गोलउडीह स्थित सैनिक मिनी राइस मिल में हुई ट्रांसफार्मर केबल चोरी से जुड़ा है, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिहरा गांव निवासी एवं सैनिक मिनी राइस मिल के संचालक सुभाष सिंह ने बताया कि 30 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनकी मिल परिसर में लगे ट्रांसफार्मर की केबल काटकर चोरी कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पक्ष द्वारा खोजबीन शुरू की गई। इस दौरान 31 मई की शाम करीब चार बजे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।पीड़ित पक्ष का दावा है कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्ति ने चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों के नाम भी बताए। आरोप के मुताबिक, उसने भिखर चौधरी, गुड्डू चौधरी एवं शशिकांत चौधरी के नाम घटना में शामिल होने की बात कही। हालांकि इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।इधर, औद्योगिक प्रतिष्ठान एसी एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड प्लांट के सिविल प्रोजेक्ट मैनेजर अशोक कुमार पाठक ने भी चोरी की लगातार हो रही घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

उन्होंने बताया कि उनके प्लांट परिसर में भी इस तरह की घटनाएं पूर्व में कई बार हो चुकी हैं। इस संबंध में कुदरा थाना में लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई।अशोक कुमार पाठक का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों और कार्रवाई के अभाव से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है, जिससे औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।वहीं, क्षेत्र के स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में भी चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो अपराध की घटनाओं में और वृद्धि हो सकती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्ती व्यवस्था मजबूत करने तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस रणनीति अपनाने की मांग की है।फिलहाल, क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच लोगों की निगाहें कुदरा पुलिस की आगामी कार्रवाई और जांच के परिणामों पर टिकी हुई हैं।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!