
कचरे के ढेर में मिला युवक का शव, संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनीमोबाइल बनवाने निकला था युवक, रातभर घर नहीं लौटा; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मोहनिया (कैमूर)। मोहनिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 7 में मंगलवार सुबह एक युवक का शव कचरे के ढेर में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान वार्ड संख्या 6 स्थित मल्लाह टोली निवासी सुनील चौधरी (पिता-पप्पू चौधरी) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए निकले तो कचरे के ढेर के पास युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना मोहनिया थाना पुलिस को दी गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने बताया कि सुनील चौधरी सोमवार की शाम घर से मोबाइल फोन बनवाने की बात कहकर निकला था।
देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।मोहनिया थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। घटना के कारण पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
