
9 जून से लापता शशि कुमार का शव बरामद, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
मोहनिया (कैमूर)। मोहनिया थाना क्षेत्र के बघिनी नहर के पास गुरुवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को बरामद कर उसकी पहचान 22 वर्षीय शशि कुमार के रूप में की है, जो बीते 9 जून से लापता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक जांच भी शुरू कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने बघिनी नहर के समीप एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मोहनिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
बाद में परिजनों ने शव की पहचान शशि कुमार के रूप में की।मृतक के पिता शिव कुमार, निवासी नउवां झोटी (भभुआ), ने बताया कि उनका पुत्र शशि कुमार भभुआ में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करता था। वह 9 जून की सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका पता नहीं चला तो परिवार के लोग चिंतित थे। गुरुवार को उसके शव मिलने की सूचना मिली।मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि उनके बड़े भाई की बेटी अपनी पुत्री की शादी शशि कुमार से कराने के लिए लगातार दबाव बना रही थी।
उन्होंने कहा कि शशि कुमार उसी पक्ष के बुलावे पर 9 जून को गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद के कारण उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि शशि उनका इकलौता पुत्र था और पारिवारिक रिश्तेदारी के कारण वह उक्त विवाह के पक्ष में नहीं थे।मामले को लेकर मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बताया कि सुबह पुलिस को नहर के पास एक लावारिस शव होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को बरामद किया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। जांच के दौरान परिजनों ने शव की पहचान शशि कुमार के रूप में की।एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
मामले की गहन जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
