कट्टे के बल पर वारदात को दिया अंजाम ज्वेलरी दुकान से लाखों की लुट

मोहनिया में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद लूट, 25 लाख के आभूषण व नकदी लेकर फरार हुए अपराधी,

मोहनिया (कैमूर)।कैमूर जिले के मोहनिया शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर देखने को मिले। मोहनिया-आरा रोड स्थित एक आभूषण व्यवसायी की दुकान में रविवार को करीब 3,30 बजे बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई तथा व्यवसायियों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन की संख्या में ब्लैक कलर की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार अपराधी दुकान पर पहुंचे।

अपराधियों ने कट्टे के बल पर दुकानदार को आतंकित कर दुकान में रखे लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब 45 से 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।दुकानदार ने बताया कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे और कुछ ही मिनटों में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित व्यवसायी द्वारा डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।घटना की गंभीरता को देखते हुए कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। कई व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल के दिनों में जिले में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता दहशत के साये में जीवन जीने को मजबूर है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!