
मोहनिया में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप
चार वर्ष पहले हुई थी शादी, चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के पतेलवा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मोहनिया थाना में चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतका की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर कस्बा मोहल्ला निवासी शेख मुन्नू की पुत्री शिबा खातून के रूप में हुई है। उसकी शादी लगभग चार वर्ष पूर्व मोहनिया थाना क्षेत्र के पतेलवा गांव निवासी आसिफ खान के साथ हुई थी।
मृतका का एक चार वर्षीय पुत्र भी है।मृतका के पिता शेख मुन्नू ने बताया कि रविवार की दोपहर उन्हें फोन कर सूचना दी गई कि उनकी पुत्री की तबीयत अचानक खराब हो गई है। कुछ ही देर बाद उन्हें उसकी मौत की खबर मिली। सूचना मिलते ही परिजन पतेलवा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि शव घर में रखा हुआ था।शेख मुन्नू का आरोप है कि जब वे अपनी पुत्री के शव के पास पहुंचे तो उसके गले पर दबाव के निशान दिखाई दिए तथा मुंह से खून निकल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने इस मामले में ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मोहनिया थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
घटना की सूचना मिलने पर मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।जैसे ही शिबा खातून का शव चैनपुर कस्बा स्थित उसके मायके पहुंचा, पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों एवं आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतका की मां, पिता तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम चार वर्षीय पुत्र अपनी मां को खोने के बाद बेसहारा हो गया है, जिससे परिवार की पीड़ा और बढ़ गई है।मृतका के पिता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
