कृषि विभाग ने दी योजनाओं की जानकारी किसानों को किया जागरूक

खरीफ कृषि जन चौपाल सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन, किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने की दी गई सलाह

चैनपुर प्रखंड अंतर्गत रामगढ़ पंचायत के राजस्व ग्राम भगनंदा तथा बढ़ौना पंचायत के राजस्व ग्राम डीह भुजैना में सोमवार को खरीफ (शारदीय) कृषि जन चौपाल सह खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना तथा प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, सरकारी अनुदान योजनाओं, बीज वितरण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, फसल सुरक्षा तथा कृषि से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

किसानों को बताया गया कि सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने एवं किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ उठाकर वे अपनी खेती को अधिक लाभदायक बना सकते हैं।जन चौपाल को संबोधित करते हुए कृषि अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे अपनी कुल कृषि भूमि का कम-से-कम एक चौथाई हिस्सा प्राकृतिक खेती के लिए निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है तथा मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

प्राकृतिक खेती अपनाने से मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होगा, उत्पादन लागत कम होगी तथा लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न प्राप्त होगा।अधिकारियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, जैविक खाद के उपयोग, जीवामृत एवं घनजीवामृत के निर्माण तथा फसल प्रबंधन के विभिन्न उपायों की भी जानकारी दी। किसानों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और कृषि संबंधी समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा।इस अवसर पर बीटीएम संदीप कुमार मौर्य, एटीएम मनीष कुमार, किसान सलाहकार लाल बहादुर गोंड तथा भूपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती को अपनाने का आह्वान किया गया।

। (कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!