सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी पात्र लाभुकों से लाभ उठाने की अपील

दो पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित, ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान

चैनपुर (कैमूर)। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चैनपुर प्रखंड के सिकंदरपुर पंचायत एवं इसियां पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, भूमि संबंधी मामलों, बिजली, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं एवं आवेदन प्रस्तुत किए।

संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों की जांच कर कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निपटारे का आश्वासन दिया गया।अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

साथ ही लोगों को बताया गया कि सरकार की मंशा है कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और उन्हें पंचायत स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं से संबंधित जानकारी, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से बताया गया। ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर ऐसे शिविरों के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं का समाधान आसान हुआ है।कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!