इलाज के लिए बक्सर जारही गर्भवती महिला की सड़क हादसे में मौत

गर्भवती महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, देवर गंभीर रूप से घायलइलाज के लिए बक्सर जाते समय टेंपो से टकराई बाइक, परिवार में मचा कोहराम

रामगढ़/कुदरा (कैमूर)। कैमूर जिले के मोहनिया-रामगढ़ पथ पर शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतका की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी प्रकाश राय की पत्नी छाया राय के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान मनीष कुमार के रूप में की गई है, जो मृतका का देवर बताया जाता है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गर्भवती छाया राय अपने देवर मनीष कुमार के साथ बाइक से इलाज कराने के लिए बक्सर जा रही थीं। इसी दौरान मोहनिया-रामगढ़ मुख्य पथ पर बरैथा गांव के समीप उनकी बाइक एक टेंपो से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि छाया राय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक चला रहा मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तत्काल रामगढ़ रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद छाया राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मनीष कुमार की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मामले की जानकारी मोहनिया थाना पुलिस को दी गई। मोहनिया पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है।इस दर्दनाक हादसे से भटौली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गर्भवती महिला की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!