कैमुर एसपी का बड़ा एक्शन कुदरा थानाध्यक्ष निलंबित जांच में संदिग्ध आचरण की पुष्टि

कुदरा थाना प्रभारी निलंबित: वायरल वीडियो मामले में एसपी की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध आचरण की जांच में आरोप सही पाए गए

जब्त बालू लदे ट्रकों से ट्रैक्टर द्वारा बालू उठाव और वीडियो बनाने वाले का मोबाइल छीनकर फुटेज डिलीट कराने के आरोप में कुदरा थानाध्यक्ष पर कार्रवाई, पुलिस केंद्र भभुआ किया गया मुख्यालय

भभुआ (कैमूर)। कैमूर पुलिस अधीक्षक ने कुदरा थाना से जुड़े वायरल वीडियो मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी नंदु कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और फोटो में कुदरा थाना क्षेत्र के एक यार्ड में जब्त बालू लदे ट्रकों से ट्रैक्टर के माध्यम से बालू उठाव किए जाने तथा वीडियो बनाने वाले व्यक्ति का मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कराने का आरोप थाना प्रभारी पर लगाया गया था।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे। जांच की जिम्मेदारी अंचल पुलिस निरीक्षक, मोहनियां तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), मोहनियां को सौंपी गई। जांच के दौरान वायरल वीडियो एवं अन्य तथ्यों का सत्यापन किया गया।एसडीपीओ, मोहनियां द्वारा पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए जांच प्रतिवेदन में कुदरा थानाध्यक्ष नंदु कुमार का आचरण विधि के प्रतिकूल एवं संदिग्ध पाया गया।

जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, भभुआ निर्धारित कर दिया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कैमूर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कैमूर पुलिस आम जनता के साथ शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और विधि-सम्मत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी पुलिस पदाधिकारी द्वारा नियमों के विपरीत कार्य या अनुचित आचरण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद जिले में पुलिस महकमे में भी चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही अथवा संदिग्ध आचरण किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!