
कैमूर की सभी पंचायतों में धूमधाम से मनाया गया ‘पंचायत विकास दिवस’, जनभागीदारी बनी मुख्य आकर्षण
ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का दिया गया भरोसा, विकास योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिले की सभी पंचायतों में रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ पूरे उत्साह, उमंग और जनसहभागिता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित पंचायत विकास शिविरों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश दिए गए।जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की समीक्षा, आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा शासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
विभिन्न पंचायतों में लगाए गए विकास शिविरों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।मोहनियां प्रखंड की उसरी पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ ने शिरकत की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इस लक्ष्य को साकार करने में पंचायतों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने पंचायतों के समेकित एवं सतत विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनभागीदारी को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया।कार्यक्रम में स्थानीय विधायकगण, जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने भी भाग लिया। अधिकारियों ने विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ग्रामीणों को दी तथा उनसे सीधे संवाद कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी प्राप्त किए।वहीं, कुदरा प्रखंड के ससना पंचायत में आयोजित पंचायत विकास शिविर में प्रभारी सचिव दिवेश सेहरा ने भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।जिले की अन्य पंचायतों में भी विकास शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, मनरेगा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया। कई स्थानों पर मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर उनके निष्पादन की प्रक्रिया भी शुरू की गई।जिलेभर में आयोजित पंचायत विकास दिवस ने प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को नई मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ ग्रामीण विकास के प्रति सामूहिक संकल्प को भी नई ऊर्जा दी। कार्यक्रमों में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि पंचायतों के सर्वांगीण विकास में जनसहभागिता ही सबसे बड़ी शक्ति है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
