कुदरा में पोलियो उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय घर घर पहुंचेगी टीकाकरण टीम

कुदरा में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 2 जुलाई तक चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरा से चिकित्सा प्रभारी डॉ. रीता कुमारी ने अभियान की शुरुआत की, सभी अभिभावकों से बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की अपील

भभुआ (कैमूर)/कुदरा। कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार, 28 जून 2026 को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 28 जून से 2 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ चिकित्सा प्रभारी डॉ. रीता कुमारी की अध्यक्षता में किया गया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति में अभियान की शुरुआत हुई। चिकित्सा प्रभारी डॉ. रीता कुमारी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान का मुख्य उद्देश्य पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।

उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर भी छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रह जाए।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बूथ स्थापित किए गए हैं तथा मोबाइल एवं ट्रांजिट टीमों का भी गठन किया गया है। विभाग ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी आवश्यक है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!