सोशल मिडिया पर हथियार का प्रदर्शन पड़ा भारी वायरल रिल के बाद गिरफतारी

सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाना पड़ा भारी, मोहनिया पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

वायरल वीडियो के आधार पर तकनीकी जांच से हुई पहचान, वीडियो में दिख रही बाइक जब्त; हथियार की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी

भभुआ/मोहनिया (कैमूर)। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर उसे वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। मोहनिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो में दिख रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वीडियो में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है, जबकि हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।गिरफ्तार युवक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के भोखरी गांव निवासी विवेक यादव, पिता नंद यादव, के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार विवेक यादव ने 26 जून को कथित रूप से हथियार के साथ एक रील बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की थी। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।मंगलवार दोपहर पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बाइक को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में इस्तेमाल किया गया हथियार असली था या नहीं तथा उसे आरोपी ने कहां से प्राप्त किया था।

इस संबंध में आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।मोहनिया थाना प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो में दिखाई गई बाइक को जब्त कर लिया गया है तथा हथियार की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही हथियार बरामद कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा। साथ ही आरोपी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने आम लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन, कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले वीडियो या किसी भी प्रकार की भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने से बचें। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!