भभुआ पुलिस केंद्र में पासिंग आउट परेड: संविधान की रक्षा और जनसेवा की दिलाई गई शपथ

हेडलाइन्स बनाएंपुलिस केंद्र भभुआ में 143 प्रशिक्षु सिपाहियों का बुनियादी प्रशिक्षण सम्पन्न, भव्य पासिंग आउट परेड में शामिल हुए डीआईजी शाहाबाद रेंज

भभुआ (कैमूर), 6 जुलाई। पुलिस केंद्र, भभुआ में रविवार को बक्सर जिला बल के 143 प्रशिक्षु सिपाहियों का बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। अनुशासन, देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत इस समारोह में प्रशिक्षु सिपाहियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अपने प्रशिक्षण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।समारोह के मुख्य अतिथि शाहाबाद रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. सत्यप्रकाश ने परेड की सलामी ली तथा परेड का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर कैमूर के जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक कैमूर सह प्राचार्य सिपाही प्रशिक्षण शिखर चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि डीआईजी डॉ. सत्यप्रकाश ने सभी प्रशिक्षु सिपाहियों को संविधान के प्रति निष्ठा, कानून के शासन की रक्षा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ राष्ट्र और समाज की सेवा करने की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि जनता के प्रति सेवा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और मानवता के साथ करेंगे।जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी सिपाहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन प्रशिक्षण के बाद अब उन पर समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। वहीं पुलिस अधीक्षक सह प्राचार्य शिखर चौधरी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित अनुशासन, शारीरिक दक्षता और नैतिक मूल्यों को अपने पूरे सेवाकाल में बनाए रखें तथा जनता का विश्वास जीतने का प्रयास करें।समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सिपाहियों को सम्मानित किया गया।

सर्वश्रेष्ठ परेड, श्रेष्ठ अनुशासन एवं अन्य विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सभी परेड कमांडरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), सार्जेंट मेजर, सार्जेंट सहित प्रशिक्षण से जुड़े सभी अनुदेशक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ और सभी प्रशिक्षु सिपाहियों ने अपने उज्ज्वल एवं गौरवपूर्ण पुलिस सेवा जीवन की शुरुआत का संकल्प लिया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!