
मोहनिया टोल प्लाजा पर अवैध वसूली का भंडाफोड़, 4 सैप जवान समेत 9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी, ट्रक चालकों से बिना रसीद जबरन वसूली का खुलासा, 57,760 रुपये नकद और 9 मोबाइल बरामदमोहनिया (कैमूर), 7 जुलाई।
कैमूर जिले के मोहनिया टोल प्लाजा पर ट्रक चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार सैप जवानों एवं पांच सिविलियंस सहित कुल नौ आरोपितों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से 57,760 रुपये नकद तथा नौ मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जुलाई 2026 को मोहनिया थाना को सूचना मिली थी कि मोहनिया टोल प्लाजा पर प्रतिनियुक्त कुछ सैप जवान स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर ट्रक चालकों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।गठित टीम ने परिवहन विभाग के वाहन जांच केंद्र के समीप छापेमारी की। जांच के दौरान बनारस से आने वाली लेन तथा मोहनिया से बनारस जाने वाली लेन पर बनी दो झोपड़ियों में गतिविधियां संचालित होती मिलीं। दोनों स्थानों पर सैप के जवान तैनात थे। छापेमारी के दौरान एक झोपड़ी से तीन तथा दूसरी झोपड़ी से दो सिविलियंस सहित कुछ अन्य लोग ट्रकों से अवैध रूप से पैसे वसूलते हुए पाए गए।पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपित वसूली के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
वहीं मौके पर मौजूद ट्रक चालकों ने पुलिस को बताया कि उनसे जबरन पैसे लिए जा रहे थे, लेकिन बदले में न तो किसी प्रकार की जुर्माना रसीद दी जा रही थी और न ही वहां कोई चालान मशीन उपलब्ध थी। इससे प्रथम दृष्टया अवैध वसूली की पुष्टि हुई।छापेमारी के दौरान दोनों स्थलों से कुल 57,760 रुपये नकद एवं नौ मोबाइल फोन बरामद किए गए। मामले में संलिप्त चार सैप जवानों और पांच सिविलियंस सहित कुल नौ अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध वसूली नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
