ससुराल में प्रताड़ना से तंग आकर फंदे से लटकने की आशंका, मायके पक्ष ने हत्या का लगाया आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

कैमूर में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति, ससुर समेत तीन हिरासत में

ससुराल में प्रताड़ना से तंग आकर फंदे से लटकने की आशंका, मायके पक्ष ने हत्या का लगाया आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के सोतवा गांव में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव कमरे में पंखे की कुंडी से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, ससुर तथा एक अन्य परिजन को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान सोतवा गांव निवासी मनीष कुमार की पत्नी फूल कुमारी (24) के रूप में हुई है।

मृतका के पिता विजय कुमार राम, जो बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं, ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 10 मई 2022 को पूरे रीति-रिवाज और अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर की थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार चार पहिया वाहन की मांग को लेकर उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार की रात करीब नौ बजे उनके बेटे उपेंद्र कुमार ने फोन कर बताया कि बहन के साथ मारपीट की जा रही है। इसके बाद उन्होंने दामाद और समधी को कई बार फोन किया।

फोन पर बेटी के रोने की आवाज सुनाई दी, लेकिन किसी ने बात नहीं की और फोन काट दिया गया।बुधवार सुबह जब वह अपने परिजनों के साथ सोतवा गांव पहुंचे तो बेटी के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उनका आरोप है कि घर के अधिकांश लोग उस समय मौजूद नहीं थे। बाद में दरवाजा तोड़कर देखा गया तो फूल कुमारी का शव साड़ी के फंदे से पंखे की कुंडी पर लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल कुढ़नी थाना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या दहेज की मांग को लेकर की गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं, इस संबंध में कुढ़नी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतका के पति मनीष कुमार, ससुर सुरेश राम तथा एक अन्य परिजन को हिरासत में लिया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद मृतका के मायके और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!