
सांसद मनोज कुमार की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न,सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर
भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिले में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सासाराम लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान सांसद ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सिविल सर्जन कैमूर को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में सर्पदंश (सांप काटने) के मरीजों के समुचित उपचार के लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की अनिवार्य रूप से प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही अस्पतालों में भर्ती मरीजों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।शिक्षा विभाग की समीक्षा में सांसद ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त क्लासरूम, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था हर हाल में उपलब्ध कराई जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी को किसानों की जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सांसद ने कहा कि खेती के मौजूदा मौसम को देखते हुए किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।आईसीडीएस विभाग की समीक्षा में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सरकार के निर्देशानुसार निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को निकटवर्ती विद्यालयों से संबद्ध किया जाए तथा कुपोषित बच्चों के पोषण एवं खान-पान पर विशेष ध्यान दिया जाए।लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि जिले में जो हर घर नल-जल योजना किसी कारणवश बंद पड़ी है, उसे शीघ्र चालू कराया जाए ताकि ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध हो सके।
वहीं लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि वर्तमान कृषि सत्र को देखते हुए जिले के सभी सरकारी नलकूपों को अविलंब चालू कराया जाए, जिससे किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।बैठक में रामगढ़ विधायक सतीश सिंह यादव, भभुआ नगर परिषद के सभापति, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख, नामित सदस्यगण, जिला पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, डीआरडीए निदेशक सहित सभी जिला स्तरीय विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सांसद मनोज कुमार ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
