बस स्टैंड पर नशे का खुलासा, पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लेकर शुरू की कानूनी कार्रवाई

मोहनिया बस स्टैंड पर नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इंजेक्शन लेते 4 युवक हिरासत मेंविशेष बाइक पेट्रोलिंग के दौरान 2 नशीले इंजेक्शन की शीशियां बरामद, सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

मोहनिया (कैमूर)। कैमूर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोहनिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहनिया अंतरराज्यीय बस स्टैंड परिसर में विशेष बाइक पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने नशीले इंजेक्शन का सेवन कर रहे चार युवकों को हिरासत में लिया। मौके से दो नशीले इंजेक्शन की शीशियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस सभी युवकों से पूछताछ कर नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।जानकारी के अनुसार कैमूर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध एवं नशा कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक सादे कपड़ों में विशेष बाइक पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत बस स्टैंड, प्रमुख चौक-चौराहों तथा नशे से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।इसी क्रम में मंगलवार की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोहनिया अंतरराज्यीय बस स्टैंड परिसर में कुछ युवक नशीले इंजेक्शन का सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और चार युवकों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो नशीले इंजेक्शन की शीशियां बरामद हुईं।

मोहनिया थाना प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए चारों युवकों से गहन पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नशीले इंजेक्शन उन्हें कहां से मिले और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशा कारोबार और नशे के सेवन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और नशा कारोबारियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!