
मोहनिया जांच चौकी पर बड़ी कार्रवाई: कार से 282 लीटर अवैध शराब बरामद, रोहतास का तस्कर गिरफ्तार
मोहनिया (कैमूर)। कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र स्थित एनएच-19 के समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। चेकिंग के दौरान एक कार से 282 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर कार को भी जब्त कर लिया है।गिरफ्तार तस्कर की पहचान रोहतास जिले के न्यू डालमिया वार्ड संख्या-21 निवासी प्रदीप विश्वकर्मा के 25 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम एनएच-19 पर नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में 282 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद मौके पर ही चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
