
कुदरा में भीषण सड़क हादसा: सरिया लदी ट्रक डिवाइडर से टकराई, चालक समेत दो की मौत
पुसौली स्थित बंशीधर पेट्रोल पंप के सामने तड़के हुआ हादसा, केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त; पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
भभुआ/कुदरा (कैमूर)। कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 पर पुसौली स्थित बंशीधर पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार तड़के लगभग चार से पांच बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरिया से लदी एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जोरदार टक्कर मार बैठी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के केबिन पर सरिया का भारी दबाव पड़ने से वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया।मृतकों की पहचान शंकर यादव (पिता- जगन्नाथ यादव), ग्राम बेरगी, थाना डुमरी, जिला गिरिडीह (झारखंड) तथा भुनेश्वर यादव (पिता- स्वर्गीय देवचंद यादव), ग्राम कुडारी, जिला बगोदर (झारखंड) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शंकर यादव ट्रक चला रहे थे, जबकि भुनेश्वर यादव वाहन के मालिक बताए जा रहे हैं और हादसे के समय ट्रक में उनके साथ मौजूद थे।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक एनएच-19 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और एनएचएआई की टीम ने ट्रक हटवाकर सामान्य कराया।कुदरा थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ट्रक का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हादसे से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
