
कैमूर जिला फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन का 25वां वार्षिक सम्मेलन संपन्न
,डीएम ने किया उद्घाटन, बोले— डीलरों की समस्याओं का होगा समाधान
भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिला फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन का 25वां वार्षिक सम्मेलन एवं स्थापना दिवस समारोह गुरुवार को भभुआ शहर स्थित लिच्छवी भवन में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन में भभुआ एसडीएम अमित कुमार, मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी, जिले के सभी प्रखंडों के एमओ (मार्केटिंग ऑफिसर), फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा जिले भर से आए सैकड़ों जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैमूर जिला फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष रमजान अंसारी ने कहा कि संगठन का 25वां स्थापना दिवस डीलरों के लिए गर्व का अवसर है।
उन्होंने कहा कि जन वितरण प्रणाली सरकार की सबसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसे सफलतापूर्वक संचालित करने में डीलरों की अहम भूमिका होती है। डीलर ही सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए खाद्यान्न को जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक पहुंचाते हैं, जिससे गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल पाता है।उन्होंने कहा कि डीलर केवल राशन वितरित करने वाले नहीं, बल्कि समाज के मजबूत स्तंभ हैं। हमारा संकल्प है कि जिले का कोई भी गरीब परिवार भूखा न रहे। उन्होंने बताया कि मोहनिया एसडीएम द्वारा भी डीलरों के कार्यों की सराहना की गई, जिससे सभी डीलरों का मनोबल बढ़ा है।इस दौरान अध्यक्ष रमजान अंसारी ने डीलरों की विभिन्न समस्याओं को भी प्रशासन के समक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि माप-तौल व्यवस्था, खाद्यान्न परिवहन (ट्रांसपोर्ट) तथा वितरण व्यवस्था से जुड़ी कई व्यावहारिक परेशानियों का सामना डीलरों को करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि इन समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से डीलर जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी जिम्मेदारी से कार्य कर रहे हैं। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी होने पर जवाबदेही भी डीलरों पर ही आती है, इसलिए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान किया जाना चाहिए।सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने डीलर एसोसिएशन के सभी सदस्यों के कार्यों की सराहना की और उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि डीलरों ने अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया है और जिला प्रशासन उनका समाधान कराने के लिए गंभीर है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि ट्रांसपोर्ट, माप-तौल या अन्य किसी भी प्रकार की समस्या को संबंधित विभाग और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, ताकि डीलरों को राहत मिल सके।डीएम ने कहा कि जन वितरण प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करने में डीलरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिस तरह अब तक डीलर जिला प्रशासन के साथ मिलकर सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाते रहे हैं, उसी समर्पण और ईमानदारी के साथ आगे भी कार्य करते रहें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन भी डीलरों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।सम्मेलन के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन डीलरों के हितों की रक्षा तथा जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
