
चैनपुर अंचल को मिले नए सीओ, अनिल कुमार सिंह मधेपुरा के भू-अर्जन पदाधिकारी बनेविदाई समारोह में जनप्रतिनिधियों व कर्मियों ने किया सम्मानित, नए अंचलाधिकारी आमिर अज़ीम का किया स्वागत
भभुआ/चैनपुर (कैमूर)। कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड में पदस्थापित अंचलाधिकारी अनिल कुमार सिंह का प्रशासनिक तबादला कर उन्हें मधेपुरा जिले में भू-अर्जन पदाधिकारी के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर आमिर अज़ीम ने चैनपुर के नए अंचलाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण करने की तैयारी कर ली है। इस प्रशासनिक बदलाव के अवसर पर चैनपुर में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रखंड कर्मियों ने अनिल कुमार सिंह को भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि अनिल कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया। उन्होंने राजस्व एवं अंचल से जुड़े मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया, जिससे आम लोगों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हुआ।वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, कार्य के प्रति समर्पण और सकारात्मक कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि मधेपुरा में भू-अर्जन पदाधिकारी के रूप में भी वे अपनी दक्षता और अनुभव से बेहतर कार्य करेंगे।
सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर नए अंचलाधिकारी आमिर अज़ीम का भी स्वागत किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनसे अपेक्षा जताई कि वे भी जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।कार्यक्रम में राजस्व पदाधिकारी बब्बन पाल, बीपीआरओ काशीनाथ, पूर्व मुखिया जगदीश सिंह, मुखिया प्रतिनिधि गुड्डू सिंह, जगरिया पैक्स अध्यक्ष संजय पांडेय, मुखिया परमानंद सिंह, मुखिया ददन राम, मुखिया नंदू बिंद, पूर्व मुखिया अनिल सिंह, पूर्व मुखिया अख्तर अंसारी उर्फ पड़ू अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं प्रखंड कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे। समारोह का माहौल आत्मीयता से भरा रहा, जहां सभी ने अनिल कुमार सिंह को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
