मोहनिया में सड़क हादसा: नौघरा निवासी गुड्डू खान की दर्दनाक मौत

बस का इंतजार कर रहे युवक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

भभुआ/मोहनिया, कैमूर जिले के मोहनिया में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में चैनपुर प्रखंड के नौघरा गांव निवासी गुफरान खान उर्फ गुड्डू खान (लगभग 40 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। वह कलामुद्दिन खान के पुत्र थे। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे नौघरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुफरान खान किसी निजी कार्य से रांची जाने के लिए मोहनिया स्थित बुलेट शोरूम के समीप बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल गुफरान खान को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, मोहनिया पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू की गईं।मृतक गुफरान खान अपने पीछे परिजनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वह मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे।

उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने और वाहन को चिन्हित करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी कर उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!