मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया राज्यव्यापी उद्घाटन, मंत्री मोहम्मद जमा खान ने फीता काटकर किया शुभारंभ

चैनपुर में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया राज्यव्यापी उद्घाटन

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने फीता काटकर किया उद्घाटन, जल्द बनेगा स्थायी भवन

भभुआ/चैनपुर (कैमूर), 15 जुलाई। कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब बिहार सरकार द्वारा डिग्री महाविद्यालय विहीन प्रखंडों में स्थापित 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इसी क्रम में चैनपुर स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में भी नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की गई।

चैनपुर महाविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने फीता काटकर महाविद्यालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि फिलहाल महाविद्यालय में अस्थायी भवन से शैक्षणिक कार्य शुरू किया जा रहा है, लेकिन राज्य सरकार जल्द ही इसके स्थायी भवन का निर्माण कराएगी, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार शिक्षा के क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो, जिससे उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों या शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।उन्होंने कहा कि चैनपुर में डिग्री कॉलेज खुलने से आसपास के हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। अब स्थानीय स्तर पर ही स्नातक की पढ़ाई संभव होगी, जिससे शिक्षा का स्तर मजबूत होगा और युवाओं को बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।उच्च शिक्षा विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक नि०/को०-80 दिनांक 10 जुलाई 2026 के अनुसार राज्य सरकार ने डिग्री महाविद्यालय विहीन प्रखंडों में स्थापित 211 नए राजकीय महाविद्यालयों में एक साथ शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ करने का निर्णय लिया था।

इसी के तहत चैनपुर महाविद्यालय में कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए उप विकास आयुक्त, कैमूर को नोडल पदाधिकारी बनाया गया, जबकि उनके सहयोग के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, मोहनियां को जिम्मेदारी सौंपी गई।कार्यक्रम के प्रशासनिक संचालन हेतु अपर समाहर्ता, कैमूर को भी नोडल पदाधिकारी नामित किया गया तथा उनके सहयोग के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ को दायित्व दिया गया। वहीं आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी, कैमूर तथा नोडल पदाधिकारी (उच्च शिक्षा सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, लेखा एवं योजना, शिक्षा विभाग) ने संभाली।समारोह में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि चैनपुर में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना कैमूर जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपने घर के पास ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा तथा क्षेत्र के सामाजिक और शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता, जदयू जिला अध्यक्ष अजय सिंह पटेल, भाजपा नेता एवं पैक्स अध्यक्ष संजय पांडेय (जगरिया), भाजपा मंडल अध्यक्ष चैनपुर विजय चौरसिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष चांद रिंकू पांडेय, अखिलेश नारायण सिंह पटेल, जदयू चैनपुर प्रखंड अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह तथा राजेश कुमार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।स्थानीय लोगों ने चैनपुर में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की शुरुआत का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और राज्य सरकार से महाविद्यालय के स्थायी भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग भी की। इससे भविष्य में हजारों छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!