ट्रेन हादसे में सफाईकर्मी की मौत, नगर पंचायत कार्यालय पर परिजनों का प्रदर्शन

मोहनिया में ट्रेन की चपेट में आने से सफाईकर्मी की मौत, परिजनों ने नौकरी व मुआवजे की मांग को लेकर किया धरनाकैमूर जिले के मोहनिया स्थित भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के समीप डीएफसीसीआईएल (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर) की डाउन लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से नगर पंचायत के एक सफाईकर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गुरुवार को परिजन शव लेकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और मृतक के आश्रितों को नौकरी तथा उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

परिजनों का कहना है कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी असामयिक मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से मृतक की पत्नी अथवा पुत्र को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने और परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।धरने के दौरान नगर पंचायत कार्यालय परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से मानवीय आधार पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। सूचना मिलने पर नगर पंचायत के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी मृतक के परिवार को हरसंभव सहायता देने और प्रशासन से जल्द राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!