विदाई समारोह में छलके जज़्बात, शुभम प्रकाश को नम आंखों से दी भावभीनी विदाई

चैनपुर में बीडीओ शुभम प्रकाश को भावभीनी विदाई, नवपदस्थापित बीडीओ अभिषेक यादव का हुआ स्वागत

भभुआ/चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को एक भावुक और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानांतरित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शुभम प्रकाश को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक यादव का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।समारोह में प्रखंड कार्यालय के सभी पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि शुभम प्रकाश का कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा।

उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका त्वरित समाधान करने का प्रयास किया। लोगों ने उनके सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि कोई भी फरियादी जब अपनी समस्या लेकर उनके पास पहुंचता था तो वह पूरी शालीनता और संवेदनशीलता के साथ उसकी बात सुनते थे तथा समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करते थे।विदाई समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया। शुभम प्रकाश के कार्यों और व्यवहार को याद करते हुए कई लोगों की आंखें नम हो गईं। कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अपने संबोधन में शुभम प्रकाश ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चैनपुर में मिला सहयोग और स्नेह वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।

उन्होंने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने हर कदम पर उनका साथ दिया, जिसके कारण विकास कार्यों को गति देने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि चैनपुर की यादें हमेशा उनके दिल में रहेंगी।वहीं नवपदस्थापित बीडीओ अभिषेक यादव का उपस्थित लोगों ने फूल-माला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया तथा उनसे भी बेहतर प्रशासनिक कार्य और जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।समारोह के दौरान कई कर्मचारियों और उपस्थित लोगों ने शेरो-शायरी के माध्यम से शुभम प्रकाश के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, जिससे कार्यक्रम का माहौल भावुक होने के साथ-साथ यादगार भी बन गया।अंत में सभी ने शुभम प्रकाश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नवपदस्थापित बीडीओ अभिषेक यादव को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!