
मोहनियां में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35.2 लीटर देशी शराब और 4.68 लाख रुपये बरामद, एक गिरफ्तार
भभुआ/मोहनियां (कैमूर)। कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 35.200 लीटर देशी शराब और 4 लाख 68 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद नकदी और शराब को जब्त कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि मोहनियां थाना क्षेत्र के शुक्लपिपरा गांव में अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवम कुमार, पिता राजेश पासी, निवासी शुक्लपिपरा के घर पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान घर से 35.200 लीटर देशी शराब और 4,68,500 रुपये नकद बरामद हुए। मौके पर मौजूद आरोपी शिवम कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामद शराब और नकदी को जब्त कर थाना लाया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।मोहनियां थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद नकदी का स्रोत क्या है और इसका संबंध अवैध शराब के कारोबार से किस प्रकार है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
