
कैमूर में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में NCORD की बैठक, मादक पदार्थों की जब्ती बढ़ाने और जन-जागरूकता पर जोर
भभुआ (कैमूर), 18 जुलाई 2026।कैमूर (भभुआ) समाहरणालय में शनिवार को जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में एनसीओआरडी (NCORD – नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई तथा नशा मुक्ति अभियान को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में अधीक्षक महानिषेध, कैमूर (भभुआ) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिए अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी तथा आगे की रणनीति पर चर्चा की।बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मादक पदार्थों की जब्ती की कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ नियमित अभियान चलाएं।इसके साथ ही जिला पदाधिकारी ने सूखे नशे (ड्रग्स) के बढ़ते दुष्प्रभावों को देखते हुए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाए, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल हो सके।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी।प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर समाज को नशे के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
