अधौरा घाटी हादसे ने बढ़ाई चिंता, पहाड़ी सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कैमूर की अधौरा घाटी में बड़ा सड़क हादसा: पिकअप का टायर फटने से वाहन पलटा, 15 लोग घायल, तीन महिलाओं की हालत गंभीर

भभुआ/अधौरा (कैमूर)। कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अधौरा पहाड़ी स्थित पचमहुला गांव के समीप सवारियों से भरी एक पिकअप का टायर अचानक फट जाने से वाहन अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गया। इस दुर्घटना में महिलाओं समेत करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाओं की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज अधौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोंदा गांव से अधौरा की ओर सवारी लेकर जा रही पिकअप में लगभग 20 से 25 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन पचमहुला गांव के पास पहाड़ी मार्ग से गुजर रहा था, अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अधौरा पीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने तीन महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया।सदर अस्पताल में इलाजरत घायलों की पहचान लोहारा थाना क्षेत्र के पचमहुल गांव निवासी रामजी उरांव की 35 वर्षीय पत्नी लक्ष्मीना देवी, लोंदा गांव निवासी पतलु यादव की 35 वर्षीय पत्नी शांति देवी तथा रोहतास जिले के नाटा थाना क्षेत्र के सोली गांव निवासी उपेंद्र उरांव की 40 वर्षीय पत्नी सल्या देवी के रूप में हुई है।

घायल यात्रियों के परिजनों ने बताया कि सभी लोग अलग-अलग कार्यों से अधौरा जा रहे थे। रास्ते में अचानक टायर फटने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के समय वाहन में क्षमता से अधिक यात्री सवार होने की भी बात सामने आ रही है।घटना की सूचना मिलते ही अधौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण टायर फटना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर चलने वाले यात्री वाहनों की नियमित जांच और ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!