
कुदरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप सहित 1103.4 लीटर शराब बरामदशराब तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता, वाहन जब्त कर प्राथमिकी दर्ज
भभुआ/कुदरा (कैमूर)। कैमूर जिले की कुदरा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने कुल 1103.4 लीटर शराब जब्त करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या UP 67AT-6381) को भी अपने कब्जे में ले लिया है।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी खेप को जब्त कर लिया और वाहन को भी कब्जे में ले लिया।कुदरा थाना अध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब और पिकअप वाहन को थाना लाकर जब्त कर लिया गया है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर शराब तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।कुदरा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में शराब तस्करों और माफियाओं में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए अवैध कारोबार के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग की है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
