
चैनपुर में विशेष अभियान के तहत फिर बनेंगे नए राशन कार्ड, पात्र परिवारों को मिलेगा खाद्य सुरक्षा योजना का लाभपंचायत स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर, नाम जोड़ने, हटाने और त्रुटि सुधार की भी होगी सुविधाचैनपुर (कैमूर)। लंबे समय से नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया बंद रहने के बाद राज्य सरकार ने एक बार फिर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र गरीब परिवार खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रहे।
अभियान के सफल संचालन को लेकर चैनपुर प्रखंड कार्यालय के सभाकक्ष में प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभिषेक यादव ने की। बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अंशु कुमार, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सभी डीलर, ग्रामीण आवास सहायक तथा विकास मित्र उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ अभिषेक यादव ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि प्रत्येक पात्र गरीब परिवार का राशन कार्ड बनाया जाए। इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को प्रखंड या जिला कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने बताया कि अभियान की जिम्मेदारी जन वितरण प्रणाली के डीलर, ग्रामीण आवास सहायक और विकास मित्र को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान संबंधित कर्मी लाभुकों से आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे। इसके बाद आवेदन भरकर सभी आवश्यक कागजात चैनपुर खाद्य आपूर्ति विभाग कार्यालय में जमा किए जाएंगे, जहां जांच के उपरांत आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह ने सभी पीडीएस डीलरों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों को इस विशेष अभियान की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड बनवाने या उसमें आवश्यक संशोधन कराने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत केवल नए राशन कार्ड ही नहीं बनाए जाएंगे, बल्कि राशन कार्ड में नए सदस्यों का नाम जोड़ने, मृत या अपात्र व्यक्तियों का नाम हटाने, त्रुटियों का सुधार करने तथा अन्य आवश्यक संशोधन संबंधी कार्य भी किए जाएंगे।प्रखंड प्रशासन का मानना है कि इस विशेष अभियान से बड़ी संख्या में पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिलेगा। साथ ही वर्षों से लंबित राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का समाधान होने से आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। प्रशासन ने सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि वे निर्धारित शिविरों में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें और इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
