
भभुआ (कैमूर)। आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से कैमूर जिले के सभी प्रखंडों में मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करना था। शिविर में राशन कार्ड, राजस्व एवं भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, प्रमाण-पत्र, आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए और पात्र मामलों का तत्काल निपटारा किया गया।शिविर में प्रत्येक प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई लाभुकों को आवश्यक जानकारी और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में भी जागरूक किया गया।प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं जिन मामलों में जांच या अन्य विभागीय प्रक्रिया की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।जिला प्रशासन का कहना है कि ऐसे सहयोग शिविरों के माध्यम से आम जनता और प्रशासन के बीच संवाद मजबूत हो रहा है तथा लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से भविष्य में भी ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने की अपील की है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
