
मोहनिया चेक पोस्ट पर मवेशी तस्करी का भंडाफोड़, कंटेनर जब्तमवेशियों से लदे कंटेनर के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
मोहनिया (कैमूर)। कैमूर जिले के मोहनिया स्थित समेकित चेक पोस्ट पर पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशियों से लदे एक कंटेनर को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान कंटेनर में सवार चार कथित तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से मवेशी तस्करी के अवैध नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर के माध्यम से बड़ी संख्या में मवेशियों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर मोहनिया समेकित चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर बड़ी संख्या में मवेशी ठूंस-ठूंसकर लदे मिले।पुलिस ने मौके पर ही कंटेनर को जब्त कर लिया और उसमें सवार चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। साथ ही इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।जब्त किए गए मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं, गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।कैमूर पुलिस ने कहा कि जिले में मवेशी तस्करी, शराब तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मोहनिया चेक पोस्ट पर 24 घंटे सघन जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं मवेशी तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
