
मोहनिया समेकित जांच चौकी पर फिर बड़ी कार्रवाई, अवैध उगाही करते तीन सैप जवान व एक होमगार्ड गिरफ्तार83,300 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन जब्त, एक महीने में दूसरी बड़ी छापेमारी से मचा हड़कंप
मोहनिया (कैमूर)। कैमूर जिले के मोहनिया स्थित समेकित जांच चौकी पर अवैध उगाही के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन सैप (SAP) जवानों और एक होमगार्ड जवान को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 83,300 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद जांच चौकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।कैमूर पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर यातायात डीएसपी और मोहनिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती रात समेकित जांच चौकी पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चारों जवान वाहन चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली करते पकड़े गए।
पुलिस ने मौके से ही सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगासागर सिंह, बच्चू प्रसाद, मनीराम शर्मा (तीनों सैप जवान) तथा सुनील कुमार गुप्ता (होमगार्ड जवान) के रूप में हुई है।इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 83,300 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद मोबाइल और नकदी के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क और अवैध वसूली में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।गौरतलब है कि एक महीने के भीतर मोहनिया समेकित जांच चौकी पर यह दूसरी बड़ी छापेमारी है।
इससे पहले भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार सैप जवानों और पांच निजी सहायकों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। ताजा कार्रवाई के बाद अब एक माह में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।इस पूरे मामले में सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि जांच चौकी पर 24 घंटे तीनों शिफ्टों में अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति रहने के बावजूद कथित अवैध वसूली का खेल लगातार चलता रहा। ऐसे में जांच चौकी प्रभारी (एडीटीओ) आलोक कुमार की निगरानी व्यवस्था और विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि समेकित जांच चौकी से 83,300 रुपये नकद के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन सैप जवान और एक होमगार्ड जवान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
