
मोहनिया चेकपोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 32 मवेशी मुक्त, तीन पशु तस्कर गिरफ्तार
गुप्त तहखाने में छिपाकर की जा रही थी तस्करी, पुलिस ने कंटेनर जब्त कर दर्ज किया मामला
कैमूर पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार की सुबह बड़ी सफलता हासिल की। मोहनिया थाना क्षेत्र स्थित समेकित चेकपोस्ट पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 32 मवेशियों को बरामद किया। इस दौरान कंटेनर में सवार तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को भी जब्त कर लिया गया। बरामद मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के अनुसार, कंटेनर औरंगाबाद जिले के बारुण से उत्तर प्रदेश के कौशांबी की ओर जा रहा था। चेकपोस्ट पर वाहन की जांच के दौरान जब पुलिस ने कंटेनर को रोकने का प्रयास किया तो चालक समेत उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर भागने लगे। हालांकि सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया।इसके बाद कंटेनर की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कंटेनर के ऊपरी हिस्से में बने एक गुप्त तहखाने का पता चला, जहां से दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।
कंटेनर के भीतर 32 मवेशियों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसकर रखा गया था। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उन्हें राहत पहुंचाई।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के रांची जिले के कातमकुल्ली निवासी अबू रेहान अंसारी, उत्तर प्रदेश के कौशांबी निवासी मोनू यादव तथा रोहतास जिले के मुरादाबाद निवासी कामिल सजर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध पशु तस्करी एवं अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर जांच की गई, जिसमें 32 मवेशी बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि सभी मवेशियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिम्मेनामा पर मेला संचालक को सौंप दिया गया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंतरराज्यीय पशु तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिले की सीमाओं पर लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को पशु तस्करी के खिलाफ कैमूर पुलिस की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
