फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज, दो वांछित आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए

कैमूर पुलिस का बड़ा एक्शन, जिले का टॉप-10 कुख्यात अपराधी देवा पासवान गिरफ्तार

मोहनिया में देर रात छापेमारी के दौरान दबोचा गया, एक अन्य वांछित आरोपी मुन्ना पासी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा

भभुआ/मोहनिया, प्रतिनिधि। कैमूर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले के टॉप-10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल देवा पासवान उर्फ साहब पासवान उर्फ गणेश पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ एक अन्य वांछित आरोपी मुन्ना पासी को भी पुलिस ने दबोच लिया। दोनों की गिरफ्तारी 22-23 जुलाई की रात मोहनिया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।मोहनिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) भोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात अपराधी देवा पासवान अपने घर पर मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके वार्ड संख्या-12 स्थित आवास पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से मुन्ना पासी (पिता- लठू पासी), निवासी पासवान टोली, थाना मोहनिया को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मुन्ना पासी मोहनिया थाना कांड संख्या 983/25 में वांछित था और उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी।डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार देवा पासवान का आपराधिक इतिहास काफी लंबा और गंभीर है।

उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। उसके विरुद्ध मोहनिया थाना कांड संख्या 413/16 (हत्या एवं षड्यंत्र), कांड संख्या 203/20 (हत्या), कांड संख्या 249/20 (जानलेवा हमला), कांड संख्या 597/21 (आर्म्स एक्ट), दुर्गावती थाना कांड संख्या 150/25 तथा सोनहन थाना कांड संख्या 168/24 सहित कई मामले दर्ज हैं। इसी वजह से उसे जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल किया गया था।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी से जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा फरार अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!