
जिगनी पुल के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अर्टिगा कार से 257 लीटर अंग्रेजी शराब बराम
दउत्तर प्रदेश से पटना ले जाई जा रही थी शराब की खेप, वाहन मालिक समेत दो तस्कर गिरफ्तार
भभुआ (कैमूर), 26 जुलाई। कैमूर पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भभुआ थाना क्षेत्र के जिगनी पुल के समीप एक अर्टिगा कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में वाहन मालिक सह शराब कारोबारी और चालक को गिरफ्तार करते हुए कुल 257.185 लीटर अंग्रेजी शराब, एक अर्टिगा कार, दो स्मार्टफोन तथा 35,400 रुपये नकद जब्त किए हैं।जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब 1:00 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जिगनी पुल के रास्ते एक अर्टिगा कार में शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष, भभुआ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने जिगनी पुल के पास पहुंचकर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।जांच के दौरान दुर्गावती की ओर से आ रही अर्टिगा कार (बीआर 01 एचजी 5208) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन छापेमारी दल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।वाहन की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांडों की 604 बोतल अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा 257.185 लीटर थी, बरामद हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद शराब उत्तर प्रदेश से खरीदकर पटना जिले के पालीगंज क्षेत्र में बिक्री के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।पुलिस ने मामले में प्रवीण कुमार, पिता सुभाष यादव, तथा राहुल कुमार, पिता सत्येन्द्र यादव, दोनों निवासी पिपरदाहा बंगला, थाना पालीगंज, जिला पटना, को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार प्रवीण कुमार वाहन मालिक होने के साथ-साथ शराब कारोबार से भी जुड़ा बताया जा रहा है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब के अलावा अर्टिगा कार, दो स्मार्टफोन तथा 35,400 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।कैमूर पुलिस ने कहा कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
( कैमुर से अपहार आलम की रिपोर्ट)
