बायोमेट्रिक उपस्थिति, लंबित योजनाओं का शीघ्र निष्पादन और शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

भभुआ (कैमूर), 27 जुलाई 2026। समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, पंचायत सचिव, पंचायत तकनीकी सहायक तथा लेखपाल अपने-अपने अंकेक्षण प्रतिवेदन के साथ उपस्थित रहे।बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने पंचायती राज विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन की प्रगति का जायजा लिया।

समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री सहयोग पोर्टल, पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर लाइट योजना, आरटीपीएस काउंटरों के सुचारू संचालन, 15वें वित्त आयोग एवं षष्ठम राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की अद्यतन स्थिति, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना, ई-ग्राम कचहरी, आधार कार्ड केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा स्थापना एवं अनुरक्षक मानदेय से संबंधित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों के क्षेत्रीय कार्यालयों में बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से सभी कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराई जाए, ताकि कार्य संस्कृति में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में राशि उपलब्ध है, उनके विरुद्ध लंबित कार्यों का शीघ्र चयन कर समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए तथा उपलब्ध राशि का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए।बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जवाबदेही बनाए रखते हुए जिले में बेहतर परिणाम प्राप्त करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।बैठक के अंत में विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!