युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की तैयारी, जिला सलाहकार समिति की अहम बैठक

युवाओं को MY Bharat पोर्टल से जोड़ने के लिए जिला सलाहकार समिति की बैठक, 69,505 पंजीकरण का लक्ष्य

भभुआ (कैमूर), 23 जुलाई। कैमूर जिले के अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने तथा MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सुश्री दिव्या शक्ति, आईएएस ने की, जबकि संचालन जिला युवा अधिकारी, MY Bharat कैमूर श्रीमती कोमल निगम ने किया।बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, कौशल विकास विभाग, परियोजना पदाधिकारी, एनसीसी, भारत स्काउट एवं गाइड, लीड बैंक मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान MY Bharat के उद्देश्यों, योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि MY Bharat, भारत सरकार का प्रमुख युवा मंच है, जो युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।बैठक में 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चल रहे विशेष युवा पंजीकरण अभियान की समीक्षा की गई। बताया गया कि इस अभियान के तहत कैमूर जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का MY Bharat पोर्टल पर अधिकाधिक पंजीकरण कराया जा रहा है। जिले के लिए 15 अगस्त 2026 तक 69,505 युवाओं के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

डीडीसी सुश्री दिव्या शक्ति ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों से जुड़े पात्र युवाओं का अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रत्येक विभाग को MY Bharat के साथ समन्वय के लिए एक-एक नोडल पदाधिकारी नामित करने का भी निर्देश दिया। साथ ही महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में युवाओं तक प्रभावी पहुंच बनाने के लिए कैम्पस एम्बेसडर नियुक्त करने पर विशेष बल दिया।उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले के अधिक से अधिक युवाओं को MY Bharat मंच से जोड़कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान किया जा सकता है।

बैठक के दौरान MY Bharat Registration Drive एवं “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान से संबंधित पोस्टरों का भी विमोचन किया गया। अधिकारियों को बताया गया कि यह अभियान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत युवाओं में नशा मुक्ति, जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। सभी विभागों ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और सफल क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।बैठक का समापन युवाओं को सशक्त, जागरूक एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!