मोहनिया में बेखौफ बदमाशों का हमला, सोते युवक को गोली मारकर फरार

मोहनिया में बगीचे में सो रहे युवक पर जानलेवा हमला, गोली लगने से गंभीर घायल

कौड़ीराम गांव के पास देर रात वारदात, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

मोहनिया (कैमूर)। मोहनिया थाना क्षेत्र के कौड़ीराम गांव के समीप रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में बगीचे में सो रहे युवक को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल को अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल युवक की पहचान रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी 20 वर्षीय सूर्यवंशी, पिता कमलेश खरवार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कौड़ीराम गांव स्थित एक बगीचे में सो रहा था। इसी दौरान देर रात अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर गोली चला दी।

गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।घायल की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि रात में अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। उन्होंने देखा कि उनके पति खून से लथपथ पड़े हैं। अंधेरा होने के कारण हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया कि अपराधी कितने थे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।अनुमंडलीय अस्पताल में तैनात आयुष चिकित्सक डॉ. मलय मिश्रा ने बताया कि युवक की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी की जा रही है।इस घटना के बाद कौड़ीराम और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!