गया के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकराई कार, मृतक रोहतास और घायल कैमूर जिले का निवासी

रजरप्पा से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार NH-19 पर दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, कैमूर का युवक गंभीर घायल

गया के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकराई कार, मृतक रोहतास और घायल कैमूर जिले का निवासी

कुदरा/गया। झारखंड के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। सोमवार रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैमूर जिले का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के गुरूरा गांव निवासी पंकज कुमार उर्फ पिंटू सिंह (33 वर्ष), पिता जितेंद्र सिंह तथा रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के तेलारी गांव निवासी बंटी जायसवाल (28 वर्ष), पिता शिव मूरत शाह अपने अन्य संबंधियों के साथ सोमवार को झारखंड के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए गए थे।

दर्शन के बाद सभी लोग कार से वापस अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, राष्ट्रीय राजमार्ग की आपातकालीन टीम तथा बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।चिकित्सकों ने जांच के बाद रोहतास जिले के तेलारी गांव निवासी बंटी जायसवाल को मृत घोषित कर दिया।

वहीं कैमूर जिले के गुरूरा गांव निवासी पंकज कुमार उर्फ पिंटू सिंह गंभीर रूप से घायल पाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया, जहां समाचार लिखे जाने तक उनका उपचार जारी था।हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!