
अपार आईडी बनाने में लापरवाही पर सख्ती, असंतोषजनक प्रगति वाले प्रधानाध्यापकों का वेतन स्थगित
31 जुलाई तक सभी नामांकित विद्यार्थियों का 100 प्रतिशत अपार आईडी जनरेट कराने का निर्देश, समयसीमा का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
चैनपुर (कैमूर)। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चैनपुर अंशु कुमार ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के प्रति सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 31 जुलाई 2026 तक विद्यालयों में नामांकित सभी विद्यार्थियों का 100 प्रतिशत अपार (APAAR) आईडी हर हाल में जनरेट कराना सुनिश्चित करें।प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि अपार आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा के दौरान कई विद्यालयों का प्रदर्शन असंतोषजनक पाया गया है।
ऐसे विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के प्रति विभाग ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने कहा कि जिन प्रधानाध्यापकों के विद्यालय में अपार आईडी जनरेशन का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया है, उनका वेतन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।अंशु कुमार ने सभी प्रधानाध्यापकों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी प्रधानाध्यापक स्वयं इस कार्य की निगरानी करें तथा विद्यालय स्तर पर शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनवाकर इसकी सूचना समय पर कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने यह भी कहा कि अपार आईडी विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने और भविष्य में विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसलिए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रधानों से अपील की कि वे समयसीमा का पालन करते हुए 31 जुलाई 2026 तक शत-प्रतिशत अपार आईडी जनरेट कर विभागीय निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
