
कुदरा में पुलिस का सघन अभियान: शराब के नशे में 4 गिरफ्तार, वाहन जांच में ₹70 हजार जुर्मानापुराने कांड के नामजद अभियुक्त को भी दबोचा, अपराध नियंत्रण और शराबबंदी पर पुलिस की सख्ती जारी
कुदरा (कैमूर)। कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराने तथा यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान शराब के नशे में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सघन वाहन जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल ₹70,000 का जुर्माना वसूला गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नियम तोड़ने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।कुदरा थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों में अरविन्द पासवान (पिता- शिवपूजन राम, ग्राम गुरड़ा, थाना कुदरा), शक्ति कुमार (पिता- मुनिलाल कहार, ग्राम पचपोखरी, थाना कुदरा), महेन्द्र सिंह (पिता- राम प्रवेश सिंह, ग्राम डिहरा, थाना कुदरा) तथा नागेन्द्र सिंह (पिता- स्वर्गीय रामाधार सिंह, ग्राम निमियां, थाना सोनहन) शामिल हैं।
सभी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।थानाध्यक्ष ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान कुदरा थाना कांड संख्या 308/24, दिनांक 14 जुलाई 2026, धारा 109 के तहत दर्ज एक मामले के नामजद अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।उन्होंने कहा कि कुदरा थाना पुलिस अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, शराबबंदी कानून के कड़ाई से अनुपालन और सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार विशेष अभियान चला रही है। आगे भी शराब पीकर वाहन चलाने वालों, अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस ने आम लोगों से शराबबंदी कानून और यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता स्पष्ट दिखाई दे रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
