
जरा सी बारिश में दलदल बना वार्ड नंबर-1 का रास्ता, ग्रामीणों का आवागमन हुआ मुश्किलवर्षों से बदहाल सड़क से लोग परेशान, बहू-बेटियों को घुटनों तक साड़ी उठाकर करना पड़ रहा है आवागमन
चांद (कैमूर)। कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत बैरी गांव के वार्ड संख्या-1 में हल्की बारिश के बाद ही सड़क की बदहाली एक बार फिर सामने आ गई है। थोड़ी सी बारिश होते ही पूरा रास्ता कीचड़ और जलजमाव से भर जाता है, जिससे ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। वर्षों से बदहाल इस सड़क के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड संख्या-1 की यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। बारिश के दौरान सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाई होती है।
हालात ऐसे हैं कि गांव की बहू-बेटियों को घुटनों के ऊपर साड़ी उठाकर कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि हर बार केवल आश्वासन मिलता है, जबकि समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाएगी तथा गांव के लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करेगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
