पटना मोड़ के पास वाहन जांच में मिली बड़ी सफलता, हेरोइन तस्करी के नेटवर्क की जांच तेज

मोहनिया पुलिस का बड़ा एक्शन, 155.75 ग्राम हेरोइन के साथ अभियुक्त गिरफ्तार31 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन, बाइक व मोबाइल जब्त; नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

मोहनिया (कैमूर)। कैमूर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 31 लाख रुपये मूल्य की 155.75 ग्राम हेरोइन के साथ एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।बुधवार को मोहनिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 28 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से हेरोइन की खेप लेकर जा रहा है।

सूचना के आधार पर मोहनिया थाना पुलिस ने पटना मोड़ से उगहनिडीह जाने वाली सड़क पर स्थित हनुमान मंदिर के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।जांच के दौरान एक संदिग्ध टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में युवक के पास से कुल 155.75 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये आंकी गई है।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेंद्र कुमार उर्फ वीरू, पिता स्वर्गीय सूर्यनाथ सिंह, निवासी बरेज, थाना मोहनियां, जिला कैमूर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन तथा टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (यूपी 65 सीपी 0798) भी जब्त की है।एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इस मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!