सकरी बांध में नहाने गया युवक गहरे पानी में डूबा, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

कर्मा गांव के शहजाद अंसारी की हादसे में गई जान, परिजनों में मचा कोहराम

कुदरा (कैमूर)। कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी बांध में बुधवार को नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।मृतक की पहचान कर्मा गांव निवासी शहजाद अंसारी (पिता- मदन अंसारी) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शहजाद अपने कुछ दोस्तों के साथ सकरी बांध में नहाने गया था।

नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे पानी से बाहर निकाला।स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर अवस्था में शहजाद को कुदरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। थाना अध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच भी की जा रही है।मृतक के बड़े भाई अकबर अंसारी ने बताया कि शहजाद दोस्तों के साथ नहाने गया था, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि परिवार को इस घटना से गहरा सदमा पहुंचा है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे कर्मा गांव में शोक का माहौल है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!